उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के दुचाणू गांव निवासी बागवान सुनदास को सरकार की बागवानी योजनाओं का लाभ मिलने से बड़ी राहत मिली है। योजनाओं के सहयोग से उन्हें सेब उत्पादन के साथ ग्रेडिंग और पैकेजिंग से अतिरिक्त आय के अवसर मिले हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं के तहत सुनदास को HMNEH योजना में करीब 2 लाख रुपये की लागत से ग्रेडिंग हॉल और PMFME योजना में करीब 5 लाख रुपये की लागत से ग्रेडेड पैकेजिंग एवं सॉर्टिंग यूनिट मिली है।
ग्रेडिंग हॉल में बागानों से लाए गए सेबों को आकार, रंग और गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाता है, जबकि सॉर्टिंग यूनिट से खराब और क्षतिग्रस्त फलों को अलग कर बेहतर उत्पाद की पैकेजिंग की जाती है। इसके बाद सेबों को कोरुगेटेड बॉक्स में पैक कर मंडियों में भेजा जाता है।
आधुनिक मशीनरी मिलने से पहले जिन कार्यों में कई दिन लगते थे, वे अब कुछ घंटों में पूरे हो रहे हैं, जिससे समय और श्रम की बचत के साथ बेहतर विपणन की सुविधा भी मिल रही है।






