उत्तराखंड में आज मौसम एक साथ दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में जहां बादलों का डेरा है, वहीं ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में बर्फ की चादर बिछ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय तापमान करीब 24 डिग्री दर्ज किया गया है और दिन का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। हवा में नमी 90 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है।
विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 12 से 14 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मानसून की विदाई से पहले इसे आखिरी बड़ी सक्रियता माना जा रहा है। दिन के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे के बाद गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और दोपहर डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक तेज बारिश की संभावना 60 प्रतिशत से ज्यादा है। शाम होते-होते मौसम साफ होने के आसार हैं।
इधर चमोली जिले में बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में हल्की बर्फबारी हुई है, जिससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में उमस से अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि 16 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, इसलिए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें।








