हरिद्वार। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही हरिद्वार में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्ष इस बार सीधे पांच बार के विधायक और पूर्व मंत्री मदन कौशिक को घेरने में जुटा है। सवाल पूछने का कोई भी मौका विपक्ष छोड़ना नहीं चाह रहा है।
कांग्रेस खेमे से टिकट की दौड़ में पूर्व मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा सबसे आगे माने जा रहे हैं। वह इन दिनों सड़कों पर उतरकर लगातार सक्रिय हैं। जहां भी जलभराव या कोई जनसमस्या दिखती है, वह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच जाते हैं। कभी जलभराव के बीच डमरू बजाकर विरोध जताते हैं, तो कभी पानी में फंसी गाड़ियों को खुद धक्का लगाकर निकालते नजर आते हैं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है, जिसे लोग असरानी स्टाइल कह रहे हैं। हालांकि सियासी गलियारों में इसे चुनावी स्टंट ही माना जा रहा है।
इस पर पलटवार करते हुए नगर विधायक मदन कौशिक ने आज नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के मंच से बिना नाम लिए तंज कसा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार इस समय ऐतिहासिक विकास के दौर से गुजर रहा है, लेकिन जिन्हें सिर्फ विरोध की राजनीति करनी है, उन्हें यह विकास दिखाई नहीं दे रहा। वे मदारी की तरह कभी डमरू बजा रहे हैं तो कभी लोगों का ध्यान खींचने के लिए कपड़े उतारकर पानी में उतर रहे हैं।
कौशिक के इस बयान के बाद हरिद्वार की राजनीति और गर्मा गई है। आने वाले दिनों में ऐसे सियासी स्टंट और जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।







