हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कार्यकर्ताओं में चुनाव जीतने का जोश भरा।
रामलीला मैदान में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा था। प्रदेश भर से आए लोगों ने खड़गे के स्वागत में नारेबाजी की। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोटिया, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और कानून व्यवस्था चरमरा गई है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और महंगाई से आम आदमी त्रस्त है। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं करती।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया और कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। खड़गे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब समय आ गया है कि बूथ-बूथ जाकर कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में उत्तराखंड की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस को मौका देगी।
रैली को कुमाऊं में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह कुमाऊं की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक थी।
रैली से पहले कांग्रेस ने गौलापार में बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। बैठक में जिला प्रवक्ता हरेंद्र क्वीरा, पीसीसी सदस्य हरेंद्र बोरा, न्याय पंचायत अध्यक्ष रवि नेगी समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि खड़गे के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है और कांग्रेस 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।








