पौड़ी। जनपद पौड़ी की नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने रविवार को संयुक्त उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर का औचक निरीक्षण किया और अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. असवाल ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और विभिन्न विभागों के कामकाज का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा समय पर उपचार किया जा रहा है और उन्हें शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
औचक निरीक्षण के बाद डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि अस्पताल की समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। अस्पताल का रखरखाव बेहतर है और साफ-सफाई के साथ-साथ सभी विभाग भी व्यवस्थित ढंग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि आईसीयू का अधिकतम और बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि मरीजों को किसी भी स्थिति में तत्काल इलाज मिल सके।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही उनकी प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने की अपील भी की है।









