टिहरी। बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार देवप्रयाग से भाजपा विधायक विनोद कंडारी की कार जब कीर्तिनगर पुल की तरफ से गुजर रही थी, तभी विपरीत दिशा से गलत लेन में आ रही एक गाड़ी ने सीधे उनकी कार को टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गनीमत रही कि टक्कर के बाद एयरबैग खुलने और चालक की सूझबूझ से विधायक को ज्यादा चोट नहीं आई। प्रारंभिक जानकारी में सिर्फ हाथ और कंधे में हल्की खरोंच आई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पूरी तरह स्वस्थ बताया है, जिससे उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल के पास अक्सर गलत साइड से वाहन आते हैं जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
सूचना पर कीर्तिनगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे लगाकर मार्ग खुलवाया। पुलिस ने रॉन्ग साइड वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।











