हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच शनिवार को हरिद्वार के ज्वालापुर इलाके में एक दुखद घटना घटी। यहां जटवाड़ा पुल के समीप नहर में नहाते समय चार किशोर कांवड़ियों की पानी में डूबने से जान चली गई।
जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, जल पुलिस और राहत बचाव दल पहुंच गया। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नहर से चारों के शव बाहर निकाले। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए हरिद्वार जिला अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी चंडीगढ़ से आए एक श्रद्धालु समूह का हिस्सा थे और गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे थे। इनकी उम्र 16 से 18 साल के बीच थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ये लड़के निर्धारित स्नान घाट को छोड़कर नहर में उतर गए थे। गहराई का अंदाजा न होने के कारण चारों तेज धारा में बह गए।
इस मामले पर एसपी सिटी अभय सिंह का कहना है कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। बावजूद इसके कुछ लोग नियमों को तोड़कर प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान करने पहुंच जाते हैं, जिसके चलते ऐसे हादसे हो जाते हैं।
फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों के घरवालों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने एक बार फिर अपील की है कि कांवड़िए सिर्फ सरकारी तौर पर बनाए गए घाटों पर ही स्नान करें और नहर व अन्य मना किए गए स्थानों से दूर रहें।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।









