नई दिल्ली। NEET और अन्य भर्तियों में पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। वीडियो में बड़ी संख्या में युवा हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर प्रदर्शन करते दिख रहे हैं। एक पोस्टर पर “NEET PAPER LEAK” साफ लिखा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान ABP न्यूज और Naya Aagaz News के रिपोर्टर कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे थे। सफेद शर्ट में ABP के रिपोर्टर के हाथ में माइक था। इसी दौरान आक्रोशित छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि भीड़ “गोदी मीडिया मुर्दाबाद” और “पेपर लीक बंद करो” के नारे लगा रही थी। छात्र रिपोर्टरों के सामने हाथ उठाकर अपनी बात रखना चाह रहे थे। कुछ युवा कैमरे के सामने बोलते हुए सरकार और सिस्टम पर सवाल उठा रहे थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सालों की मेहनत के बाद भी पेपर लीक की वजह से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज के बाद अब युवा आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं।
मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
छात्रों की एक ही मांग है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, पारदर्शी भर्ती हो और युवाओं के साथ न्याय हो।







