नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित सत्य निकेतन में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 40-50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। देर रात तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा और 10 लोगों को मलबे से निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 1:34 बजे साउथ कैंपस थाने को इमारत गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर दिल्ली पुलिस, दमकल, कैट्स एंबुलेंस, एनडीआरएफ और डीडीएमए की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ के डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 55 गज में बनी इस इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था, इसी दौरान इमारत अचानक ढह गई। इमारत में बेसमेंट के अलावा पांच मंजिलें थीं, ऊपरी मंजिलों का इस्तेमाल PG के रूप में किया जा रहा था, जबकि भूतल पर बनी दुकानें लंबे समय से बंद थीं।
पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम और अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद एहतियातन आसपास की कुछ इमारतों को खाली करा दिया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।








