उत्तराखंड में आज दो सितंबर को मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार नैनीताल, बागेश्वर और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गरज चमक, आकाशीय बिजली और पचास से साठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में भी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान सत्ताईस डिग्री और न्यूनतम तेईस डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, दिनभर बादल छाए रहने और दोपहर बाद तेज बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात बरती है। नैनीताल, बागेश्वर और उत्तरकाशी जिले में आज पहली से बारहवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की बात कही है और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन तथा नदी नालों में जलस्तर बढ़ने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।








