उधम सिंह नगर।जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक छह उप निरीक्षकों सहित कुल सात पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण कर नई तैनाती दी गई है। सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तैनात उप निरीक्षक महेश कांडपाल को रुद्रपुर कोतवाली भेजा गया है और उन्हें एसएसआई द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रुद्रपुर कोतवाली जिले की प्रमुख कोतवालियों में से एक है इसलिए इस पद पर उनकी तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गदरपुर में तैनात उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का तबादला कोतवाली ट्रांजिट कैंप किया गया है और उन्हें वहां वरिष्ठ उप निरीक्षक का प्रभार दिया गया है। कोतवाली सितारगंज में तैनात उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को अब कोतवाली गदरपुर में तैनाती मिली है।
खटीमा क्षेत्र में भी बदलाव किए गए हैं। कोतवाली खटीमा में तैनात उप निरीक्षक किशोर पंत को मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है जबकि मझोला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय को कोतवाली खटीमा भेजा गया है। महिला पुलिसकर्मियों में थाना झनकईया में तैनात महिला उप निरीक्षक संतोषी का तबादला कोतवाली खटीमा किया गया है। वहीं कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा है कि यह फेरबदल जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों को नए सिरे से तय करने के उद्देश्य से किया गया है। नई तैनाती के बाद अब संबंधित अधिकारियों पर अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी।








