पौड़ी। मुख्यालय में तैनात पुलिस विभाग की स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के निरीक्षक एसडी नेगी को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल निलंबन के पीछे के आधिकारिक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन चर्चा तेज है कि यह कार्रवाई अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ी है।
सूत्रों के अनुसार, गत दिनों नई दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता के धरने पर बैठने से न केवल राज्य सरकार बल्कि केंद्र सरकार भी असहज स्थिति में आ गई थी। जानकारी के मुताबिक अंकिता की माँ व भाई दिल्ली में ही निवास करते हैं, जबकि पिता पौड़ी मुख्यालय के निकट डोभ श्रीकोट गांव में रहते हैं। चर्चा है कि माँ व भाई द्वारा पिता को दिल्ली बुला लिया गया, जिसके बाद वह धरने पर बैठ गए।
इस धरने में राहुल गांधी के शामिल होने के बाद मामला राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया, जिसके चलते केंद्र सरकार काफी असहज हो गई।
राज्यपाल नियुक्ति पर बयान और फिर दिल्ली रवाना
बताया जा रहा है कि जब दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया तो अंकिता के पिता ने पौड़ी में इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए बयान दिया था, जिसकी आधिकारिक सूचना एलआईयू पौड़ी द्वारा उच्चाधिकारियों को भेज भी दी गई थी।
लेकिन इसके बाद अंकिता के पिता के दिल्ली जाने की सूचना की एलआईयू को कानो-कान खबर नहीं लग पाई।
माना जा रहा है कि विभाग ने एलआईयू पौड़ी की इस चूक को बेहद गंभीर माना है। इंटेलिजेंस फेल्योर के चलते ही इंस्पेक्टर पर निलंबन की गाज गिरी है।










