केदारनाथ में सीजन की पहली भारी बर्फबारी, चारधाम यात्रियों को सावधानी की सलाह
देहरादून। उत्तराखंड में आज 31 अक्टूबर को भी मौसम सामान्य नहीं रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अरनब के असर से प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है, इसलिए यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आज कहां होगी बारिश
विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में आज बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
देहरादून का हाल
राजधानी देहरादून में आज सुबह का तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहेगा। सुबह हल्के बादल छाए रहेंगे, दोपहर में धूप खिलने की संभावना है।
केदारनाथ में बर्फबारी
केदारनाथ धाम में कल से सीजन की पहली भारी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी के चलते मंदिर परिसर सहित पूरी घाटी बर्फ की चादर में लिपट गई है। प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मौसम देखकर यात्रा करने की अपील की है।











