हल्द्वानी में पुलिस की छवि पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कोतवाली परिसर में ही एसओजी के एक सिपाही और महिला चौकी प्रभारी के बीच विवाद इतना बढ़ा कि नौबत हाथापाई तक आ गई।
सूत्रों के मुताबिक, तीन दिन पहले सुबह ड्यूटी को लेकर दोनों में बहस हुई थी। कहासुनी के दौरान सिपाही ने कथित तौर पर महिला सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया, जिससे कोतवाली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में आ गया है। महिला दरोगा ने वरिष्ठ अधिकारी को अपनी आपबीती बताई है। चर्चा है कि विवाद के बाद सिपाही को नैनीताल अटैच कर दिया गया है।
फिलहाल इस मामले में न तो कोई लिखित शिकायत सामने आई है और न ही पुलिस के आला अधिकारियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है।











