देहरादून/ नई दिल्ली। प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयासों से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर भी बात हुई। डॉ. रावत ने अमित शाह को हाल ही में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की सफलता के बारे में बताया। सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए 33 फीसदी आरक्षण की सफलता पर भी चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में संचालित प्रमुख योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इनमें दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने और पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।








