चमोली जिले में मानसून ने सोमवार को एक बार फिर भारी तबाही मचाई। नीती घाटी की ओर जाने वाले तमक गदेरे में अचानक उफान आने से अफरा-तफरी मच गई। तेज पानी के साथ आए मलबे ने कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान गदेरे पर बना अस्थायी बैली पुल तेज बहाव में बह गया। आसपास खड़े वाहन भी सैलाब की भेंट चढ़ गए। मौके से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पानी और बोल्डर के साथ पुल और गाड़ियां बहती चली गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।
आपदा प्रबंधन के सचिव विनोद कुमार सुमन ने पुल के बहने की पुष्टि की और कहा कि घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के अनुसार शुरुआती रिपोर्ट में एक बैली पुल, एक कार, एक ट्रक और एक हवलदार के बहने की सूचना है। बाकी लोगों के बारे में पता किया जा रहा है। राहत और बचाव दल को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया है।
बीते कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पहाड़ी नाले-गदेरे अचानक उफन रहे हैं, जिससे प्रशासन के लिए चुनौती बढ़ गई है। प्रशासन ने नीती घाटी और आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।









