स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जखोली विकासखंड मुख्यालय में देशभक्ति और गर्व का माहौल देखने को मिला। तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनकी कुर्बानी को याद किया गया। साथ ही राष्ट्र के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी भगत सिंह पूनिया ने की। उनके साथ वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र प्रसाद सकलानी, राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व सैनिक हयात सिंह राणा, तहसीलदार जखोली बृजमोहन भट्ट, स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और चौकी प्रभारी सोमवीर व विजय नौटियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उप जिलाधिकारी भगत सिंह पूनिया ने राज्य आंदोलनकारियों को शॉल और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में जिन आंदोलनकारियों ने अपना खून पसीना बहाया, वे इस प्रदेश की असली धरोहर हैं। उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। हमारा दायित्व है कि हम उनके योगदान को कभी न भूलें और उनके सपनों का उत्तराखंड बनाएं।
एसडीएम पूनिया ने शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें इन महापुरुषों के त्याग से मिली है। उनके आदर्शों पर चलकर ही हम देश और प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। राज्य आंदोलनकारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से देश और समाज की सेवा का आह्वान किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से तहसील परिसर गूंजता रहा।







