दिग्गज कांग्रेसी नेत्री स्वर्गीय इंदिरा हृदयेश के बेटे और हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। विधायक ने कहा है कि प्रदेश में एक बड़ा संगठित गैंग सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है और उन्हें ब्लैकमेल करने की साजिश रच रहा है।
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए विधायक सुमित हृदयेश भावुक हो गए और रोते हुए कहा “मेरा जीवन खतरे में है। मेरे पूरे परिवार का फोन टैप कराया जा रहा है। मेरी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है। मुझे और मेरे बच्चों को मार देंगे।”
AI से फर्जी वीडियो बनाने का डर
विधायक ने आरोप लगाया कि यह गैंग AI टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर उनकी फर्जी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो बनाकर वायरल कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक प्राइवेट इंटरप्राइसेस का गैंग है, जिसमें कुछ बड़े और रसूखदार लोग भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री और SSP से कर चुके हैं शिकायत
सुमित हृदयेश ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी शिकायत की थी। साथ ही अप्रैल 2025 में उन्होंने एसएसपी नैनीताल को लिखित में शिकायत देकर पूरे मामले से अवगत कराया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गैरसैंण में आत्मदाह की चेतावनी
न्याय न मिलने से आहत विधायक ने कहा कि अगर उन्हें सुरक्षा और न्याय नहीं मिला तो वह गैरसैंण में होने वाले आगामी विधानसभा सत्र में आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
विधायक के इन आरोपों के बाद प्रदेश की सियासत में हड़कंप मच गया है।









