अंकिता भंडारी हत्याकांड में आज का दिन बहुत अहम है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर का आज गुजरात के गांधीनगर में नार्को टेस्ट होना है। सीबीआई की जांच में यह टेस्ट एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
बता दें कि अंकिता भंडारी से जुड़े कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। दावा किया गया था कि ये ऑडियो सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच हुई बातचीत के हैं। इसके बाद से इस मामले में सुरेश राठौर का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ था। सीबीआई ने पहले हरिद्वार आकर सुरेश राठौर से पूछताछ भी की थी।
सोमवार को गांधीनगर रवाना होने से पहले सुरेश राठौर ने बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए होने वाली जांच में वह पूरा सहयोग करेंगे। सीबीआई जांच को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और वह जांच में अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं। सीबीआई का नोटिस उन्हें मिल गया है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत वह नार्को टेस्ट के लिए जा रहे हैं।
इससे पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर का भी नार्को टेस्ट हो चुका है। अब सबकी नजर सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट पर टिकी हुई है। अंकिता के परिवार और पूरे उत्तराखंड के लोग चाहते हैं कि इस टेस्ट से सच सामने आए। अंकिता के माता-पिता लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी को न्याय मिलना ही चाहिए।
उत्तराखंड सरकार ने भी इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब सीबीआई की जांच तेज हो गई है और नार्को टेस्ट के बाद इस मामले में कई नए खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।










