ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग।
सोशल मीडिया पर एक बेनामी पेज के जरिए जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को बदनाम किए जाने का मामला सामने आया है। “पहाड़ी असरनामा Live” नाम के इस पेज पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर लोगों की छवि खराब करने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय पत्रकार हरीश चन्द्र ने आरोप लगाया है कि हाल ही में इस पेज के माध्यम से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि पेज का नाम उनके चैनल “पहाड़ी असरनामा न्यूज” से मिलता-जुलता रखा गया है और पत्रकारिता की आड़ में गलत जानकारी फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
मामले को लेकर हरीश चन्द्र ने रविवार को ऊखीमठ पुलिस थाने में तहरीर देकर फर्जी पेज संचालक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और साइबर सेल से मामले की गहन जांच कराने का अनुरोध किया है। तहरीर में कहा गया है कि यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि पेज का संचालन किसी पत्रकार द्वारा किया जा रहा है तो यह पत्रकारिता के लिए बेहद गंभीर विषय है।
पत्रकार हरीश चन्द्र ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल खबर पहुंचाने के लिए किया जाना चाहिए, न कि किसी की छवि खराब करने के लिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद ली जाएगी। पेज के संचालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल इस बेनामी पेज को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि बेनामी चेहरों के पीछे कौन है, यह सामने आना जरूरी है ताकि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामकता पर रोक लग सके।









