ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में होटल का मैनेजर और संचालक भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर हरिद्वार से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को परिजनों ने कोतवाली में शिकायत दी थी कि 29 अगस्त को 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर पुराने रेलवे स्टेशन क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय आरोपी को हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में पता चला कि होटल में बिना आईडी सत्यापन के कमरा दिया गया था। इसी लापरवाही को लेकर होटल मैनेजर और संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।






