देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के पुराने मंदिर दर्शन वाले वीडियो को करवाचौथ से जोड़कर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने वीडियो के साथ भ्रामक कैप्शन लगाकर यह दावा किया कि कंगना ने 29 अक्टूबर को करवाचौथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, असली वीडियो राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर का है। इसमें कंगना पीएम मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती दिख रही हैं। इस वीडियो को गलत संदर्भ में पेश कर सांसद की छवि खराब करने की कोशिश की गई। पुलिस अब वीडियो प्रसारित करने वाली आईडी की जांच कर रही है।












