हरिद्वार। हरिद्वार में होमगार्ड भर्ती में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। दस्तावेजों की जांच के दौरान शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों में से 30 के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सबसे ज्यादा फर्जीवाड़ा स्काउट और स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट में मिला है। इसके अलावा कुछ अभ्यर्थियों के NCC और शैक्षिक प्रमाणपत्र भी जांच में फर्जी निकले हैं। फिलहाल सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच अभी जारी है और अन्य रिपोर्टों का इंतजार किया जा रहा है।
227 पदों के लिए आए थे 11 हजार आवेदन
बता दें कि जुलाई में होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसके लिए करीब 11 हजार आवेदन आए थे। मेरिट के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था और उनके दस्तावेज सत्यापन के लिए संबंधित एजेंसियों को भेजे गए थे।
इसी जांच में अब तक 30 अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।
होमगार्ड कमांडेंट गौतम कुमार ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी मिले हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा।











