कीर्तिनगर। एडवेंचर के नाम पर जिंदगी से खिलवाड़ नहीं चलेगा। जिला प्रशासन ने इसी सख्ती को दिखाते हुए देवप्रयाग के मूल्यागांव में चल रही मां गंगा बंजी जंपिंग साइट को बंद कर दिया है।
हुआ यूं कि एसडीएम कीर्तिनगर पंकज भट्ट गुरुवार को निरीक्षण पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर वो हैरान रह गए। जिस जगह लोग हवा में झूल रहे हैं, वहां अगर कुछ अनहोनी हो जाए तो संभालने के लिए एक मेडिकल किट तक नहीं थी।
इतना ही नहीं, साइट पर आने वाले पर्यटकों की गाड़ियां सीधे हाईवे पर खड़ी हो रही थीं। बद्रीनाथ जैसा व्यस्त हाईवे और वहां बेतरतीब पार्किंग, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
सुरक्षा के बाकी नियम भी हवा में थे। बस एडवेंचर के नाम पर बोर्ड लगा रखा था।
एसडीएम ने साफ कहा – लोगों की जान से ऊपर कोई एडवेंचर नहीं है। सारी कमियां दूर होने तक ये साइट सील रहेगी।
अब सवाल ये है कि मूल्यागांव जैसी और कितनी साइटें हैं जो बिना सुरक्षा के चल रही हैं?











