बछेलीखाल (देवप्रयाग)। बछेलीखाल बाजार में देर रात भीषण अग्निकांड हो गया। शॉर्ट सर्किट के कारण एक कपड़े की दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का रेडीमेड गारमेंट्स जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बाजार पूरी तरह बंद था। बंद दुकान के भीतर शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने कपड़ों के ढेर में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से ऊंची लपटें उठने लगीं। धुआं और लपटें देख आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही व्यापारियों और ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया और आग को बाजार की अन्य दुकानों में फैलने से रोका।
दुकानदार के अनुसार दुकान में नया और कीमती स्टॉक रखा हुआ पानी था जो पूरी तरह जल गया है। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
राहत की बात यह रही कि घटना बाजार बंद होने के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है।











