रूद्रप्रयाग/जखोली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली विकासखंड में कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दर्जनों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस जनों ने सर्वप्रथम विकासखंड परिसर में स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया, इसके बाद सभी प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की मांग की।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार कहां कि जिस तरह भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग का दुरुपयोग कर रही है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख अर्जुन सिंह गहरवार और चैन सिंह पंवार ने कहा कि जब तक सरकार मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार को उनके पद से नहीं हटाती है, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र प्रसाद सकलानी ने कहा कि यह सरकार की दमनकारी नीति है, निर्वाचन आयोग स्वतंत्र है लेकिन वह सरकार के दबाव में कार्य कर रहा है। अंकुर रौथाण ने बताया कि यह देशव्यापी आंदोलन है, दलित और अल्पसंख्यकों का नाम वोटर लिस्ट से हटाना निंदनीय है, आने वाले चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी। राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह राणा ने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार जिस तरह से एक स्वतंत्र आयोग का दुरुपयोग कर रही है, इसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसपाल लाल, गिरीश नेगी, मनोहर ममगांई, युद्धवीर सिंह, भगत सिंह पुंडीर, शीशपाल रावत, नरेंद्र चौहान, त्रिलोक सिंह रौंतेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।









