चमोली जिले के ज्योतिर्मठ नगर के सिंहधार वार्ड में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे भालू ने जमकर आतंक मचाया। भालू पहले गोशाला में घुसा और गाय पर हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर परिवार के लोग उसे बचाने पहुंचे तो भालू ने उन पर भी हमला बोल दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे की है। बिन्देश कुमार, उम्र 37 वर्ष की गोशाला में मवेशियों की आवाज आई तो देखने के लिए बिन्देश कुमार व मां गोशाला की ओर बढ़ी , इसी दौरान गौशाला में मौजूद भालू ने हमला कर दिया।
इस हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से सिंहधार वार्ड सहित पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसे लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।











