जन चौपाल में शिकायत सुनने पहुंचीं प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य का एक बयान अब चर्चा में आ गया है।
जन चौपाल में बबीता नाम की महिला ने शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए नगर पालिका की एक महिला कर्मचारी ने उससे ढाई हजार रुपये ले लिए।
शिकायत पर जब मंत्री से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आवास के कागज तैयार कराने में खर्च आता है। अगर किसी ने दो-ढाई हजार रुपये लिए हैं तो इसे भ्रष्टाचार नहीं कहा जा सकता।
मंत्री ने साथ में ये भी जोड़ा कि अगर किसी ने रिश्वत के तौर पर पैसा लिया है तो उस पर कार्रवाई जरूर होगी। सदर विधायक के हवाले से उन्होंने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच चल रही है।
मंत्री के इस बयान के बाद अब सवाल उठ रहा है कि अगर गरीब से आवास के नाम पर पैसा लेना भ्रष्टाचार नहीं है, तो फिर भ्रष्टाचार किसे कहेंगे?
बेबी रानी मौर्य फिलहाल यूपी सरकार में बाल विकास एवं पोषण मंत्री हैं और हाथरस की प्रभारी मंत्री हैं। इससे पहले वह आगरा की मेयर और उत्तराखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं।










