प्रांतीय रक्षक दल के जवानों की दो सूत्रीय मांग पर कल की कैबिनेट में भी कोई सीधा फैसला नहीं आया, जिससे जवानों में भारी नाराजगी है। जवानों की मांग साफ है, साल के 365 दिन नियमित रोजगार मिले और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता दिया जाए। जवानों का कहना है कि वे चारधाम यात्रा, ट्रैफिक, चुनाव, मेलों और सरकारी दफ्तरों में सालभर काम करते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ कुछ महीनों की ड्यूटी मिलती है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है।
इससे पहले 18 नवंबर को देहरादून में जवानों ने सीएम आवास कूच किया था, 19 नवंबर को उन्होंने निदेशालय में तालाबंदी की थी। सीएम धामी ने होमगार्ड की तर्ज पर डीए के लिए समिति गठित करने को मंजूरी दी है, लेकिन जवानों का कहना है कि जब तक शासनादेश नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा। इसी के तहत आज 28 नवंबर को प्रदेशभर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा और 30 नवंबर को फिर सीएम आवास कूच किया जाएगा। पौड़ी में संगठन के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संपूर्ण सिंह ने कहा है कि कई कैबिनेट बैठकों में प्रस्ताव लाने का आश्वासन मिला, पर हर बार टाल दिया गया।











