उत्तरकाशी / मोरी। उत्तरकाशी जिले के सीमांत मोरी विकासखंड की पवाणी ग्राम पंचायत में मंगलवार शाम करीब 5 बजे भीषण अग्निकांड हो गया। आग ने देखते ही देखते गांव के करीब 30 लकड़ी के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आग पहले एक मकान में लगी। गांव के ज्यादातर मकान लकड़ी के बने हैं और एक-दूसरे से सटे हुए हैं, इसलिए आग तेजी से फैल गई। इसी बीच रसोई गैस के 5 से 7 सिलिंडर फटने की भी सूचना है, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया।
स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने सोशल मीडिया पर आग का वीडियो जारी किया है, जिसमें गांव में उठती ऊंची-ऊंची लपटें साफ दिख रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार करीब 30 परिवार प्रभावित हुए हैं, उनका सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने अग्निशमन दल, पुलिस, SDRF और राजस्व विभाग की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया है। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है।
मोरी से पवाणी गांव की दूरी करीब 40-50 किमी है और पहाड़ी रास्ता व मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण राहत टीमों को पहुंचने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल ग्रामीण खुद ही आग बुझाने में जुटे हैं।
अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नुकसान का सही आकलन टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही होगा।
आग लगने का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।












