पिथौरागढ़ / धारचूला। भारी बारिश के बाद धारचूला के पास ईलागढ़ में हुए भयंकर भूस्खलन से NHPC की 280 मेगावाट धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना की सामान्य और इमरजेंसी, दोनों सुरंगों का रास्ता बंद हो गया। इसके चलते पावर हाउस के अंदर 19 अधिकारी और कर्मचारी फंस गए।
भूस्खलन इतना भयंकर था कि सुरंग के मुहाने पर बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मलबा जमा हो गया। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरता रहा, जिससे रेस्क्यू में भी दिक्कत आई।
घटना की जानकारी मिलते ही पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, SDRF, BRO, NDRF, CISF और NHPC की संयुक्त टीम ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू शुरू किया। BRO की JCB मशीनों ने लगातार मलबा हटाने का काम किया।
पहले चरण में 8 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद इमरजेंसी शाफ्ट से मलबा हटाकर बाकी 11 कर्मचारियों को भी शाम तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी 19 कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं, किसी को कोई चोट नहीं आई।
धारचूला के उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि अंदर फंसे कर्मचारियों के पास खाने-पीने का सामान पर्याप्त था और वे लगातार प्रशासन के संपर्क में थे। बिजली उत्पादन का काम भी इस दौरान सामान्य रूप से चलता रहा।
SP रेखा यादव ने बताया कि सुरंग के मुहाने को बड़े पत्थरों ने बंद कर दिया था, लेकिन सभी टीमें मिलकर काम कर रही थीं।
हादसे में पावर हाउस को आंशिक नुकसान पहुंचा है, लेकिन बड़ी अनहोनी टल गई।









