उत्तरकाशी। जनपद में भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन के भीतर जिले के दो अलग-अलग विकासखंडों में भालू ने एक युवक और एक महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पहली घटना
रविवार को मोरी विकासखंड के जखोल गांव में बगीचे की ओर जा रहे युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया।
सोमवार की घटना – डुण्डा
आज सोमवार को डुण्डा विकासखंड के ठांडी गांव में छानी से घर लौट रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। महिला को गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देहरादून रेफर कर दिया।
लगातार दो दिन में हुई दो घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।












