रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में दूसरे केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम के कपाट सोमवार सुबह 8 बजे विधि विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होते ही इस साल की मध्यमहेश्वर यात्रा भी पूरी हो गई।
कपाट बंद होने के समय धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हक हकूकधारी मौजूद रहे। भगवान के जयकारों के बीच चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया।
डोली सोमवार को मध्यमहेश्वर से चलकर गौण्डार पहुंची, जहां रात में विश्राम हुआ। 17 नवंबर को डोली रांसी के राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। 18 नवंबर को गिरिया गांव में रात्रि विश्राम होगा।
19 नवंबर को उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। शीतकाल में बाबा मध्यमहेश्वर के दर्शन अब यहीं होंगे।











