हल्द्वानी के काठघरिया स्थित त्रिशूल होटल में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक आरोपी की पहचान ने सबको चौंका दिया है। गिरफ्तार आरोपी धीरज बिष्ट एमबीपीजी कॉलेज में एबीवीपी से छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार धीरज बिष्ट के साथ गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के रूप में हुई है। आरोपी की राजनीतिक पृष्ठभूमि सामने आते ही मामला और ज्यादा गरमा गया है और सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
इधर जांच में होटल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि होटल में कमरा आवंटित करते समय ठहरने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच तक नहीं की गई थी। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और अब होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण जांच पॉक्सो एक्ट के तहत की जा रही है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।











