रुड़की। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बड़ा सियासी दांव चल दिया है। रुड़की के रंगमहल में आयोजित कार्यक्रम में चैंपियन ने चुनावी शंखनाद करते हुए ऐलान किया कि वे आगामी चुनाव में खानपुर और लक्सर दोनों विधानसभा सीटों से किस्मत आजमाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान चैंपियन ने मौजूदा व्यवस्थाओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि खानपुर क्षेत्र पिछले दो दशकों में विकास के हर पैमाने पर पिछड़ गया है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मोर्चे पर कोई ठोस काम नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास की जगह जातिवाद का जहर घोला गया है जिससे सामाजिक ताना-बाना कमजोर हुआ है और खानपुर 20 साल पीछे चला गया है।
चैंपियन ने कहा कि वे खानपुर की खोई हुई पहचान वापस लाने के लिए मैदान में उतर रहे हैं और लक्सर से चुनाव लड़ने का फैसला भी इसी रणनीति का हिस्सा है। उनके इस दोहरी दावेदारी के ऐलान के बाद हरिद्वार जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है।










