देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में आज कोर्ट में पेशी के दौरान अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सबसे बड़ा सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि इस हत्याकांड का इस्तेमाल कर उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है।
उर्मिला ने देहरादून CBI कोर्ट परिसर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि “अंकिता को न्याय दिलाने के नाम पर कुछ ताकतें धामी सरकार को अस्थिर करना चाहती हैं। इसमें सत्ताधारी दल के ही कुछ लोग शामिल हैं।”
सरकार गिराने की साजिश के साथ जुड़ा है VIP एंगल
उर्मिला का दावा है कि जो वायरल ऑडियो सामने आया है, जिसमें कथित VIP का नाम है, उसे लेकर उन्हें 50 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था कि वह इसे झूठा बता दें और देश छोड़ दें। उन्होंने कहा कि ऑडियो की फॉरेंसिक जांच में वह असली पाया गया है।
उर्मिला ने कहा – “मुझे कहा गया कि अगर मैंने सच बोला तो सरकार गिर जाएगी। इसलिए मुझे खरीदने की कोशिश की गई।”
इसी आरोप के बाद आज CBI कोर्ट में दोनों की पेशी हुई। पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला दोनों ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए लिखित सहमति दे दी है। कोर्ट ने अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को तय की है।
सुरेश राठौर का क्या कहना है
पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि वह हर जांच के लिए तैयार हैं और सरकार गिराने की किसी भी साजिश से उनका कोई लेना-देना नहीं है। वह CBI का पूरा सहयोग करेंगे।
फिलहाल इस बयान के बाद उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। क्या वाकई अंकिता केस को धामी सरकार के खिलाफ हथियार बनाया जा रहा है? CBI के नार्को टेस्ट के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।










