देहरादून। दशहरे पर बन रहे रावण के पुतले को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून में तैयार हो रहे 180 फीट से ऊंचे रावण के पुतले पर तंज कसते हुए कहा था कि पुतले में 6 टन लोहा लग रहा है और जैसे-जैसे रावण का कद बढ़ रहा है, वैसे-वैसे समाज में भ्रष्टाचार भी बढ़ रहा है।
त्रिवेंद्र के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनके बयान पर पलटवार करते हुए तंज कसा।
विवाद बढ़ता देख भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को सामने आना पड़ा। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान का गलत मतलब निकाला जा रहा है।
भट्ट ने कहा कि त्रिवेंद्र का आशय यह था कि रावण का पुतला जलने में अच्छा लगता है, उसके कद को बड़ा करने में नहीं। उन्होंने रामलीला समितियों से अपील की थी कि रावण के पुतले का कद छोटा ही रखना चाहिए। इसे भ्रष्टाचार से जोड़कर गलत मायने नहीं निकालने चाहिए।
कुल मिलाकर त्रिवेंद्र ने भ्रष्टाचार पर कटाक्ष किया था, लेकिन अब भाजपा को ही उस पर सफाई देनी पड़ रही है।












