देहरादून। घरों की कॉलोनी में दुकान और शोरूम खोलने वालों की अब खैर नहीं। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के सख्त निर्देशों के बाद प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शहर भर में अभियान चलाया। टीम ने उन 5 मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की है, जहां आवासीय भवनों को बिना नक्शा पास कराए कमर्शियल में बदला जा रहा था और स्वीकृत नक्शे से इतर अवैध निर्माण किया जा रहा था।
बंशीधर तिवारी ने पहले ही साफ कर दिया था कि राजधानी में सुनियोजित विकास से कोई समझौता नहीं होगा। आवासीय कॉलोनियों का स्वरूप बिगाड़ने और बिना अनुमति निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राधिकरण का कहना है कि यह कार्रवाई माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। MDDA ने चेतावनी दी है कि शहर में अवैध निर्माण और आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।












