उधमसिंह नगर। रुद्रपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिस मासूम ने अभी दुनिया ठीक से देखी भी नहीं थी, उसे अपनों ने ही बेसहारा छोड़ दिया।
मामला सिंह कॉलोनी स्थित सेंट थॉमस चर्च के पास का है, जहां खड़ी एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची मिली। बच्ची मिलने की सूचना 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
बच्ची की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एनआईसीयू में भर्ती किया और बाद में बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने बच्ची की मां, नानी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बच्ची बीमार थी और वे उसके इलाज का खर्च नहीं उठा पा रहे थे, इसलिए उसे छोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











