देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग के पाली पुलिया के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरी और गहरी खाई होने की वजह से रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चंडीगढ़ से चमोली जा रही थी टैक्सी
देवप्रयाग कोतवाली के कोतवाल कृष्ण कांत ने बताया कि टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। वाहन में कुल 5 लोग सवार थे। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पाली पुलिया के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में गिर गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










