नैनीताल/लालकुआं। लालकुआं नगर से सटी एक कॉलोनी में 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा बिंदुखत्ता स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 8 में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भाई-बहन के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद किशोरी अपने कमरे में गई और संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव मिला।
घटना की जानकारी पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मां सिडकुल की एक कंपनी में काम कर तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
सलाह: इस उम्र के बच्चों में सोशल मीडिया का दबाव और डांट-फटकार का असर गहरा हो सकता है। अभिभावकों से अपील है कि बच्चों से संवाद बनाकर रखें।










