थलीसैंण। महिला के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न के बाद उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के प्रयास के मामले में थलीसैंण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थलीसैंण निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नरेन्द्र सिंह निवासी मरोड़ा ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौच और उत्पीड़न किया। आरोप है कि 19 सितंबर 2026 को नरेन्द्र सिंह ने युवती को जबरन पकड़कर उसके मुंह में जहरीला पदार्थ पिलाने का प्रयास भी किया।
शिकायत के आधार पर थाना थलीसैंण में मुकदमा संख्या 17/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109, 75, 77 और 351(2) में अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विवेचना के दौरान वादी, पीड़िता और अन्य संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन एवं परीक्षण किया गया। पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सामने आए तथ्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष थलीसैंण ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











