गैरसैंण। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में तैनात 32 वर्षीय पीआरडी जवान ने घर के पास खेत में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनिल दत्त चौधरी पुत्र देवी दत्त चौधरी, निवासी कालीमाटी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अनिल बुधवार रात पॉलिटेक्निक में ड्यूटी पर थे और गुरुवार सुबह घर लौटे थे। सुबह दूध बेचने के लिए गैरसैंण गए, फिर अपने तीन साल के बेटे के साथ घर के पास गाय चराने खेत में गए थे।
इसी बीच ग्रामीणों ने बताया कि उनके जानवर दूसरे के खेत में घुस गए हैं। जानकारी पर पत्नी खेत में पहुंची तो पति को पेड़ पर रस्सी से लटका देखा। उन्होंने दरांती से रस्सी काटकर नीचे उतारा और ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी मनोज सरोला, उप निरीक्षक बिशनलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।






