कोटद्वार। उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कोटद्वार परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को टीम ने पकड़ लिया है।
मामला काशीपुर निवासी अभ्यर्थी विशाल कुमार से जुड़ा है। जांच के दौरान सामने आया कि विशाल की जगह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना निवासी हिमांशु परीक्षा कक्ष में बैठा था। केंद्र पर तैनात टीम को संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
सूचना पर एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देशन में करीब आधे घंटे तक युवक से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की गई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान हिमांशु के रूप में बताई और स्वीकार किया कि विशाल उसका दोस्त है, इसलिए वह उसकी जगह परीक्षा देने आया था।
एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि फर्जी परीक्षार्थी की सूचना मिलते ही जांच कराई गई और युवक को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सघन जांच की जा रही है।








