देहरादून। उत्तराखंड नर्सेज सर्विसेज एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन शनिवार को देहरादून स्थित शिवालिक होटल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में नर्सिंग सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान नई प्रदेश कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें कुल 594 मत पड़े।
चुनाव में अध्यक्ष पद पर हरिकृष्ण बिजल्वाण ने 205 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारती जुयाल को 189 मत, गिरिश चंद को 94, संजय नौटियाल को 81 और मीनाक्षी जखमोला को 17 मत मिले।
महामंत्री पद पर गिरीश उनियाल 143 मतों के साथ विजयी रहे। इस पद पर दीप्ति पंत को 136, गोविंद सिंह रावत को 133, शालिनी त्यागी को 114 और प्रेमलता रावत को 54 मत प्राप्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर कांटे के मुकाबले में छवि घिल्डियाल ने 236 मत हासिल कर जीत दर्ज की। ज्योत्सना उपाध्याय को 232 और मनीष कुमार पाल को 119 मत मिले।
परिणाम घोषित होने के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के सदस्यों ने फूल मालाओं और बुके देकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हरिकृष्ण बिजल्वाण ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास और भरोसे से आपने मुझे चुना है, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अपने संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं को पूरा करने के लिए दिन-रात नर्सिंग संवर्ग के हित में कार्य करूंगा और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा करता हूं।








