श्रीनगर। लगातार बारिश के बीच श्रीनगर और पौड़ी की बड़ी आबादी के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। जीवीके जलाशय से शहर को पानी लाने वाली मेन पाइपलाइन टूट गई है, जिससे सप्लाई ठप पड़ने की नौबत आ गई है।
जानकारी के मुताबिक तेज बहाव और भूस्खलन के चलते मुख्य लाइन को नुकसान पहुंचा है। इस लाइन से ही श्रीनगर समेत आसपास के कई कस्बों और गांवों में जल संस्थान पानी सप्लाई करता है। लाइन बंद होने से टंकियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
समय पर लाइन ठीक नहीं हुई तो अगले एक-दो दिन में संकट और गहरा सकता है। जल संस्थान की टीम मौके पर मरम्मत में जुटी है, लेकिन खराब मौसम और पानी के तेज बहाव के कारण काम में दिक्कत आ रही है। विभाग का दावा है कि जल्द से जल्द लाइन जोड़कर सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है।










