कर्णप्रयाग-गैरसैंण राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिमली और सिरोली के बीच गुरुवार सुबह अचानक हुए भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान सड़क से गुजर रहा स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे हाईवे पर पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने शुरू हुए। खतरे का अंदेशा भांपते हुए स्कूटी सवार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत स्कूटी छोड़ दी और सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। देखते ही देखते पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा और स्कूटी उसी मलबे में दब गई।
भूस्खलन के कारण राजमार्ग पूरी तरह से मलबे से पट गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर मलबा हटाने का कार्य शुरू करा दिया है और यातायात को जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।







