देहरादून। निजी बैंक कर्मचारी सत्यम कुमार पर हुए जानलेवा हमले का देहरादून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मालिया रहमान, शार्प शूटर अंकित चौहान निवासी लक्सर और मालिया के दोस्त मोहित निवासी ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में हुई है। बैंक कर्मचारी सत्यम कुमार मूल रूप से बिजनौर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और देहरादून में एक निजी बैंक में कार्यरत हैं।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि मालिया रहमान का सत्यम के साथ प्रेम संबंध था। धोखा मिलने से आहत होकर मालिया ने अपने प्रेमी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये में अपने प्रेमी की हत्या की सुपारी दी और इसके लिए भाड़े के शूटरों का इंतजाम किया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक कर्मचारी पर गोली चलाने वाले शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद इस पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार प्रेमिका मालिया रहमान और वारदात में उसका साथ देने वाले उसके दोस्त मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।









