श्रीनगर। गढ़वाल में अब गंजेपन का इलाज कराना आसान और सस्ता हो गया है। श्रीनगर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल ने एक बड़ीह पहल करते हुए हेयर ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू कर दी है। खास बात ये है कि यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त है, जबकि बाहर प्राइवेट क्लीनिकों में इसके लिए लोगों को लाखों रुपये चुकाने पड़ते हैं।
यह सुविधा बेस अस्पताल के चर्म रोग विभाग में FUE तकनीक के जरिए शुरू की गई है। यह हेयर ट्रांसप्लांट की सबसे आधुनिक तकनीक मानी जाती है। इस पहल को डॉ. दीपक डिमरी और एम्स से पढ़ीं डॉ. अत्रेयो चक्रवर्ती ने मिलकर साकार किया है। अस्पताल में पहला ट्रांसप्लांट श्रीकोट के रहने वाले अर्जुन का सफलतापूर्वक किया गया है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार गढ़वाल क्षेत्र में किसी भी सरकारी अस्पताल में इस तरह की सेवा पहली बार शुरू हुई है। इससे न सिर्फ आम लोगों को महंगे इलाज से राहत मिलेगी, बल्कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे छात्रों को भी नई तकनीक सीखने का मौका मिलेगा।








