देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के इतिहास में नए बदलाव के नाम रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास स्थित सभागार में पुलिस के नए गौरव चिन्हों का अनावरण किया।
इस दौरान पुलिस का नया झंडा, नया प्रतीक चिन्ह, नया क्रेस्ट, फॉर्मेशन साइन और नई सेरेमोनियल वर्दी को लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस की वर्दी सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि जनता के भरोसे का प्रतीक है। नए चिन्ह और नई वर्दी से जवानों का मनोबल बढ़ेगा। यह उत्तराखंड पुलिस के शौर्य, ईमानदारी और अनुशासन की पहचान को और मजबूत करेगा।

उन्होंने पुलिस के सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने आपदा से लेकर कानून व्यवस्था तक हर मोर्चे पर शानदार काम किया है।
अब मिलेगा देश का सबसे बड़ा पुलिस सम्मान
उत्तराखंड पुलिस को जल्द ही देश का सबसे बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून आ रहे हैं और उत्तराखंड पुलिस को ‘प्रेसिडेंट पुलिस कलर’ अवार्ड से सम्मानित करेंगे।
यह सम्मान उन्हीं पुलिस बलों को मिलता है जिन्होंने 25 साल से अधिक समय तक उत्कृष्ट सेवा दी हो। सम्मान मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस के जवान इसी नई वर्दी में परेड करते हुए दिखाई देंगे।











